कैबिनेट के अहम फैसले: शहीद ASP की पत्नी DSP नियुक्त, सौर नीति में बदलाव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।
शहीद ASP की पत्नी को DSP नियुक्ति: सुकमा में नक्सली हमले में शहीद ASP आकाश राव गिरेपूंजे की पत्नी स्नेहा गिरेपूंजे को अनुकंपा नियुक्ति देते हुए राज्य पुलिस सेवा में DSP बनाया जाएगा।
सौर ऊर्जा नीति में संशोधन: पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता घटाने और निवेश बढ़ाने के लिए सौर नीति में संशोधन को मंजूरी दी गई। अब यह नीति 2030 तक लागू रहेगी। सौर परियोजनाओं को प्राथमिकता उद्योग का दर्जा मिलेगा और निवेशकों को कई रियायतें दी जाएंगी।
रीता शांडिल्य PSC अध्यक्ष नियुक्त: लोक सेवा आयोग की सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन दोगुनी: रिटायर्ड पत्रकारों को मिलने वाली सम्मान निधि 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रतिमाह कर दी गई है।