लुत्ती बांध टूटने पर CM साय सख्त, लापरवाही बर्दाश्त नहीं – निरीक्षण में लापरवाही पर जताई नाराज़गी

रायपुर, 4 सितम्बर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लुत्ती बांध टूटने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी नाराज़गी जताई है। उन्होंने साफ कहा कि ऐसी लापरवाही भविष्य में किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को फील्ड में जाकर बांधों और सिंचाई संरचनाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 के कड़ाई से पालन पर भी जोर दिया।
बैठक में सीएम ने सिंचाई परियोजनाओं के रखरखाव, मरम्मत, जलभराव क्षमता, और लंबित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने खासतौर पर बस्तर और सरगुजा संभाग की अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
विभागीय जानकारी के मुताबिक प्रदेश में इस समय 1697 कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें करीब ₹8966 करोड़ खर्च होने हैं। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।