रायपुर। राजधानी में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देवार गिरोह का पर्दाफाश कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 26.50 तोला सोना, 1.6 किलो चांदी, नगदी, मोबाइल व दोपहिया वाहन सहित कुल 30 लाख से अधिक की मशरूका जब्त की गई है।
आरोपियों ने थाना मुजगहन, अभनपुर, विधानसभा, पंडरी, खम्हारडीह और डी.डी. नगर क्षेत्र के 18 मामलों में चोरी करना कबूल किया है। गिरोह का सरगना भूपेंद्र साहू और करण ध्रुव है, जो साथियों के साथ मिलकर कॉलोनियों में सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
चोरी के जेवरातों को वे सोनझरा कार्यकर्ता सुरेश सोनझरा को बेचते थे। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 317 के तहत कार्रवाई की है। गिरोह के कुछ सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व मुजगहन थाना की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। गिरोह के कई सदस्य पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
