रायपुर।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘गारंटी’ के नाम पर केवल एक जिले की महिलाओं को ही ‘रेडी टू ईट’ पोषण आहार का काम देना, जनता के साथ छल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अखबारों में बड़ी-बड़ी बातें छाप कर वाहवाही लूटी है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि सिर्फ रायगढ़ जिले के 10 महिला समूहों को यह कार्य सौंपा गया है।
भाजपा ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि पूरे प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूहों को यह काम दिया जाएगा। अब कहा जा रहा है कि केवल 6 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत काम शुरू होगा। इस पर बैज ने तंज कसते हुए पूछा — “क्या बाकी जिलों की महिलाएं काम करने लायक नहीं हैं?”
शिक्षा विभाग बना अव्यवस्था का केंद्र – बैज
स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी, छात्र आंदोलन पर उतर रहे
दीपक बैज ने शिक्षा विभाग की स्थिति को ‘दुखद और चिंताजनक’ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों का भारी पैमाने पर स्थानांतरण करने के बावजूद, भाटापारा, धमतरी, सरगुजा, बस्तर सहित कई जिलों में स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। बच्चों को पढ़ाने वाला कोई नहीं है, पालकों ने स्कूलों में ताले लगा दिए हैं, बच्चे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “युक्तियुक्तकरण के नाम पर सरकार ने जो किया वह एक वसूलीकरण अभियान बनकर रह गया है।”
जनता का गुस्सा सरकार पर फूटा – मंत्री, उपमुख्यमंत्री का रास्ता रोका
बिलासपुर में केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू का घेराव, अरुण साव के काफिले को भी रोका गया
दीपक बैज ने कहा कि राज्य सरकार से जनता का विश्वास उठ चुका है। बिलासपुर के पास मनियारी में सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू का रास्ता रोका। इससे पहले उपमुख्यमंत्री अरुण साव के काफिले को भी लोगों ने घेर लिया था।
डीएपी खाद के लिए भटक रहे किसान
खरीफ की बुआई का समय निकल रहा, सरकार विकल्प देने के नाम पर कर रही भ्रमित
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले एनपीके खाद का विकल्प देने की बात कही और अब नैनो डीएपी का झांसा दिया जा रहा है, लेकिन जमीन पर खाद नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर खाद संकट खड़ा कर रही है, ताकि किसान कम उपज लें और समर्थन मूल्य पर कम धान खरीदना पड़े।
30 लाख मीट्रिक टन धान भीग चुका, सरकार आंकड़े छुपा रही – बैज
उपार्जन केंद्रों में खुले में पड़ा धान, करोड़ों की बर्बादी
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जो 72 घंटे में धान परिवहन का नियम था, उसे भाजपा सरकार ने खत्म कर दिया। नतीजा यह हुआ कि 27 जिलों में लाखों टन धान खुले में पड़ा-पड़ा खराब हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल भीगे धान का आंकड़ा सार्वजनिक करे।
डेढ़ साल में चौथी बार बिजली महंगी, जनता की जेब पर डाका – बैज
गृह उपयोग में 10 से 20 पैसे, व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए 25 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी
दीपक बैज ने बिजली दरों में बढ़ोत्तरी को जनविरोधी फैसला करार दिया। उन्होंने कहा कि जून 2024 के बाद अब फिर से बिजली की दरें बढ़ा दी गई हैं। यह भाजपा सरकार के आने के बाद चौथी बार दाम बढ़े हैं, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग दोनों ही परेशान हैं। कांग्रेस इसका प्रदेशभर में जोरदार विरोध करेगी।
