रायगढ़ में ऑयल पॉम की खेती की ओर बढ़े कदम, किसानों को होगा दुगुना लाभ

रायपुर। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड के बरौनाकुंडा गांव में छह किसानों ने 20 एकड़ में ऑयल पॉम की खेती शुरू की है। केंद्र प्रायोजित नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल पॉम योजना के तहत यह ड्राइव चलाई जा रही है।

किसानों को मुफ्त में हाईब्रिड टेनेरा किस्म के पौधे दिए जा रहे हैं। 5 एकड़ से अधिक भूमि पर खेती करने वाले किसानों को बोरवेल और रख-रखाव के लिए सालाना अनुदान भी मिलेगा।

सगुन साय और पवन साय राठिया जैसे किसानों ने बताया कि ऑयल पॉम की खेती से लंबे समय तक हर साल 1 लाख रुपये प्रति एकड़ तक आमदनी होगी। पौधों के बीच दूसरी फसलें भी उगाई जा सकती हैं, जिससे किसानों को दोहरा लाभ मिलेगा।

गोदरेज एग्रोवेट कंपनी किसानों के खेत से ही उपज खरीदेगी। योजना के तहत किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।