रायपुर, 20 जून 2025 – रायपुर पुलिस की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में चोरी के प्रयास में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने मात्र कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से धारदार चाकू, वायर कटर, पेचकस और अन्य औजार बरामद किए गए हैं।
प्रार्थी ने दी घटना की जानकारी
घटना 19-20 जून की दरम्यानी रात की है। प्रार्थी नरेन्द्र कोठले ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर में सो रहा था, तभी रात लगभग 1 बजे उसे खटखटाहट की आवाज सुनाई दी। जब वह उठा तो देखा कि तीन अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसे हुए थे।
जब उसने चिल्लाकर पूछा कि वे घर में क्यों घुसे हैं, तो उनमें से एक व्यक्ति ने चाकू दिखाकर धमकी दी कि चुपचाप रहो, हम चोरी करने आए हैं। जैसे ही घर के अन्य सदस्य जागे और शोर मचाया, तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस ने दी त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी की शिकायत पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 306/25 धारा 305(A), 331(6), 62, 3(5) BNS और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को धर दबोचा।
आरोपियों से बरामद हुए चोरी के उपकरण
पूछताछ में संदिग्धों ने अपने नाम बताए:
- कार्तिक चौहान, पिता नरेश चौहान, उम्र 24 वर्ष
- अमन नगरिया, पिता मनोज नगरिया, उम्र 22 वर्ष
- दीपक साहू, पिता दिनेश साहू, उम्र 23 वर्ष
तीनों आरोपी विद्या आश्रम, श्याम नगर, तेलीबांधा, रायपुर (छत्तीसगढ़) के निवासी हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक धारदार चाकू, तीन वायर कटर, पेचकस, सूम्बा और छीनी बरामद की। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बड़ी वारदात टलने से राहत
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो यह आरोपी निश्चित ही किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। रायपुर पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा अपराध होते-होते टल गया।
