रायपुर | रायपुर पुलिस ने अवैध वसूली के मामले में फरार आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी श्रीमती शुभ्रा सिंह उर्फ नेहा तोमर को गिरफ्तार किया है। आरोपिया पर उधारी के एवज में चेक, स्टांप पर हस्ताक्षर कराकर जबरन वसूली और धमकी देने का आरोप है।
पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपियों के घर से जमीन के दस्तावेज, इकरारनामा, कोरा चेक व हस्ताक्षरयुक्त स्टांप बरामद हुए। गवाहों ने आरोप लगाया कि आरोपीगण लोगों से भारी ब्याज वसूलने, धमकी देने और औने-पौने दामों में जमीन रजिस्ट्री कराने में लिप्त थे।
थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 230/2025 के तहत शुभ्रा सिंह के खिलाफ धारा 308(2), 111(1) भारतीय न्याय संहिता एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने आरोपिया को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

